उ०प्र० राज्य भण्डारण निगम की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न


लखनऊ: 08 अप्रैल, 2022

     उत्तर प्रदेश के सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री जे.पी.एस.राठौर ने आज उ०प्र० राज्य भण्डारण निगम के क्षेत्रीय प्रबन्धकों व वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मासिक प्रगति समीक्षा बैठक निगम के सभागार में की ।
      समीक्षा बैठक में उन्होंने निर्देशित किया कि क्षेत्रीय प्रबंधकों द्वारा अपने अधीनस्थ सभी केन्द्रों का कम से कम माह में एक बार विधिवत् निरीक्षण अवश्य किया जाये। निगम की भण्डारण क्षमता का शत-प्रतिशत उपयोग किया जाये।
        सहकारिता मंत्री ने कहा कि भारतीय खाद्य निगम एवं अन्य माल जमाकर्ता संस्थाओं से भण्डारण शुल्क की बकाया धनराशि की वसूली / प्राप्ति अधिक से अधिक की जाये तथा मूल्य समर्थन योजनार्न्तगत केन्द्रीय पूल में क्रय किये जा रहे गेहूँ स्टाक का सुरक्षित भण्डारण कराया जाये।उन्होंने कहा कि प्रदेश में खाद्यान्न भण्डारण की आवश्यकता के दृष्टिगत निगम द्वारा अपनी भण्डारण क्षमता का विस्तार/ सृजन किया जाये।गेहूँ के सुरक्षित भण्डारण के दृष्टिगत साइलो एवं पी0ई०जी० के गोदामों का निर्माण निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाये। निगम द्वारा अपने कार्यों का आगामी 05 वर्ष हेतु तैयार किये गये रोड मैप क्रियान्वयन निर्धारित समयावधि में किया जाये तथा डब्लू०डी०आर०ए० के निर्धारित मानकों को पूर्ण कराते हुए समस्त भण्डारगृहों के पंजीकरण की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण की जाये।


      श्री राठौर ने निर्देश दिया कि निगम कार्यों को पारदर्शी प्रक्रिया के अर्न्तगत समस्त केन्द्रों का आन लाईन डिपो सिस्टम से इस प्रकार जोड़ा जाये कि उसकी सेन्ट्रलाईज मानीटरिंग प्रधान कार्यालय पर की जा सके। समस्त भण्डारगृहों को सोलर पैनल से आच्छादित करने के निर्देश सहकारिता मंत्री द्वारा दिये गए। उन्होंने कहा कि भण्डारगृहों पर प्रकाश की व्यवस्था इस प्रकार की जाये कि गोदामों के अन्दर भी रोशनी बनी रहे।
     बैठक में निगम के प्रबन्ध निदेशक श्री श्रीकान्त गोस्वामी एवं समस्त क्षेत्रीय प्रबन्धक व वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।